मोतियाबिंद व आँख के अन्य ऑपरेशन्स (शल्यक्रियाओँ) से पहले की आवश्यक सावधानियाँ

Logo of hindi.co

तंबाकू सेवन करने वाले रोगियोँ के लिए चेतावनी (मोतियाबिंद सर्जरी से पहले)

धूम्रपान, तंबाकू चबाना या गुड़ाख़ु (तंबाकू युक्त दंत-मंजन) का प्रयोग आपकी सर्जरी के दौरान और बाद मेँ गंभीर जटिलताएँ उत्पन्न कर सकता है।

संभावित जोखिम:

  • [लोकल] एनेस्थीसिया (सुन्न करने वाली दवा) का असर कम होना
  • सर्जरी के बाद अधिक सूजन और दर्द
  • घाव भरने मेँ देरी और संक्रमण का बढ़ा जोखिम
  • दृष्टि मेँ सुधार की गति धीमी होना
  • मैक्युलर डिजनरेशन जैसी रेटिना संबंधी बीमारियोँ का जोखिम बढ़ना

गुड़ाख़ु, खर्रा, खैनी, गुटका या चबाने वाली वाली तंबाकू का असर:

तंबाकू या गुड़ाख़ु से मसूड़ोँ और गालोँ की झिल्ली मेँ सूजन और संरचनात्मक परिवर्तन होते हैँ, जिससे एनेस्थीसिया का असर कम हो जाता है। इससे सर्जरी के दौरान दर्द या बेचैनी बढ़ सकती है।

आप क्या करेँ:

  • सर्जरी से 2–4 सप्ताह पहले तंबाकू पूरी तरह बंद करेँ
  • अपने डॉक्टर को तंबाकू उपयोग की सटीक जानकारी देँ।
  • यदि तंबाकू नहीँ छोड़ पा रहे हो, तो सहायता या परामर्श लेँ।

🛑 तंबाकू छोड़ना आपकी आँखोँ की सेहत और सर्जरी के सफल परिणाम के लिए अत्यंत आवश्यक है।

मोतियाबिंद व आँख के अन्य ऑपरेशन्स (शल्यक्रियाओँ) से पहले की अन्य आवश्यक सावधानियाँ

मोतियाबिंद (Cataract), टेरेजियम (Pterygium) व आँख के अन्य ऑपरेशन्स (सर्जरी) से पहले कुछ महत्वपूर्ण सावधानियाँ बरतना अत्यंत आवश्यक है, ताकि नेत्र (शल्यक्रिया) सफल हो और जटिलताओँ से बचा जा सके। नीचे कुछ सामान्य लेकिन अहम निर्देश दिए गए हैँ:

१. दवाओँ की जानकारी डॉक्टर को देँ

यदि आप खुन पतला करने की दवाएँ (blood thinners जैसे Aspirin, Clopidogrel, Warfarin) या डायबिटीज़ व ब्लड प्रेशर की दवाएँ ले रहे हैँ, तो अपनी सर्जरी से पहले नेत्र विशेषज्ञ को अवश्य सूचित करेँ। कुछ दवाओँ को सर्जरी से कुछ दिन पहले रोकना पड़ सकता है।

२. अन्य रोगोँ की जानकारी साझा करेँ

यदि आपको डायबिटीज़, हाई ब्लड प्रेशर, थायरॉइड, हृदय रोग, या अस्थमा है, तो डॉक्टर को जरूर बताएँ ताकि आपकी दवाओँ और सर्जरी के समय मेँ समन्वय किया जा सके।

३. आँखोँ की सफाई और संक्रमण से बचाव

सर्जरी से पहले आँखोँ को साफ रखेँ। ऑपरेशन से २-३ दिन पहले से आँख मेँ डाली जाने वाली दवा (आई ड्रॉप्स) का डॉक्टर द्वारा दिए गए निर्देशानुसार प्रयोग करेँ। आँख मेँ किसी भी प्रकार की जलन, लाली या संक्रमण हो तो सर्जन को तुरंत बताएँ। ऐसे मेँ सर्जरी को टालना बेहतर होता है। यदि घर मेँ कोई व्यक्ति सर्दी-खाँसी या अन्य किसी संक्रामक बीमारी से पीड़ित है, तो सर्जरी को स्थगित करेँ या आपरेशन से ४-५ दिन पहले से अलग रहनेँ की व्यवस्था करेँ।

४. सर्जरी से पहले बाल धोना जरूरी है

सर्जरी से एक दिन पहले अच्छे से स्नान कर लेँ और यदि संभव हो तो सिर को शैम्पू से धो लेँ, क्योँकि ऑपरेशन के बाद कुछ दिनोँ तक सिर या आँखोँ मेँ पानी डालने से बचना चाहिए। सर्जरी के बाद बाल धोना असुविधाजनक या मना हो सकता है, इसलिए पहले से स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है।

५. उपवास या खाना कब खाएँ

अधिकांश नेत्र सर्जरी, जैसे कि मोतियाबिंद या टेरेजियम ऑपरेशन, लोकल एनेस्थीसिया (Local Anesthesia) के तहत ही की जाती हैँ। इसमेँ रोगी जागरूक रहता है और केवल आँख के आसपास का हिस्सा सुन्न किया जाता है। ऐसी स्थिति मेँ आप सर्जरी से कुछ घंटे पहले हल्का भोजन या एक घंटे पहले अल्पाहार (नाश्ता) कर सकते हैँ।

जनरल एनेस्थीसिया (General Anesthesia) की आवश्यकता बहुत ही विशेष परिस्थितियोँ मेँ, जैसे कि बच्चोँ या अत्यधिक घबराने वाले रोगियोँ मेँ, पड़ती है। जनरल एनेस्थीसिया की स्थिति मेँ सर्जरी से कम से कम 6 घंटे पहले कुछ भी खाना-पीना नहीँ चाहिए। हमेशा अपने सर्जन से स्पष्ट निर्देश अवश्य लेँ।

६. ओमेगा-3 या फिश ऑयल सप्लीमेंट बंद करेँ

यदि आप EPA युक्त फिश ऑयल या अन्य ओमेगा-3 फैटी एसिड सप्लीमेंट्स ले रहे हैँ, तो सर्जरी से 7-10 दिन पहले इन्हेँ बंद करना चाहिए क्योँकि ये रक्तस्राव का खतरा बढ़ा सकते हैँ।

७. परिजन या सहायक साथ लाएँ

सर्जरी के दिन किसी विश्वसनीय व सक्षम व्यक्ति को साथ लाना अनिवार्य है, क्योँकि ऑपरेशन के बाद आप स्वयम् वाहन नहीँ चला सकते और आपको सहायता की आवश्यकता हो सकती है।

८. अस्पताल से वापसी के लिए सुरक्षित वाहन

कृपया अस्पताल से घर लौटते समय तीन या चार पहियोँ वाले वाहन (जैसे ऑटो, टैक्सी या कार) का ही उपयोग करेँ। ऑपरेशन के तुरंत बाद दोपहिया वाहन जैसे बाइक या स्कूटर से यात्रा करना असुरक्षित हो सकता है।

९. आरामदायक कपड़े पहनेँ

सर्जरी के दिन ढीले, साफ और आरामदायक कपड़े पहनेँ। आँखोँ के आसपास किसी प्रकार का मेकअप, इत्र या क्रीम न लगाएँ। ओड़ने के लिए साफ धुली चादर, पीने का फ़िल्टर किया पानी, साफ मौजे व स्वेटर, धुला हुआ सूती तौलिया, दुपट्टा या गमझा साथ ला सकते हैँ।

१०. सर्जरी से पहले पूछेँ ये सवाल

  • कौन-सी दवाएँ सर्जरी के दिन लेनी हैँ या रोकनी हैँ?
  • सर्जरी के बाद किस-२ दिन अस्पताल मेँ आना होगा?

इन सावधानियोँ का पालन करने से सर्जरी के दौरान और बाद मेँ होने वाली संभावित समस्याओँ से बचा जा सकता है, और शीघ्र स्वस्थ होने की संभावना बढ़ जाती है।



Please do not cut-copy-paste the content of this page; if you want to share with someone either use following 'Recommend It' button or send him the following shortcut to this page.

hindi.co/s


Please enter your email and click 'Recommend It' to receive the address of this page and related pages in your inbox. You can then send this page to your friend(s).




Total Pageviews:

Uploaded: June 25

Privacy Policy